उत्तर प्रदेश की योगी सरकार 25 मार्च को आठ साल पूरे करने जा रही है। प्रदेश की जनता को अपने कार्यों से अवगत कराने के लिए सरकार 25 से 27 मार्च तक पूरे प्रदेश में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सभी जिलों में ‘यूपी: भारत का ग्रोथ इंजन’ थीम पर भव्यता के साथ कार्यक्रम आयोजित होंगे। इससे पहले सीएम योगी प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार की आठ साल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कृषि विकास दर और किसानों के बारे में भी बात की।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले एग्रीकल्चर के क्षेत्र में उत्तरप्रदेश उपेक्षित था। उत्तर प्रदेश प्राचीन समय से ही कृषि प्रधान रहा, हमारे पास प्रकृति की प्रचुर मात्रा में अवसर थे, हम बहुत आगे बढ़ सकते थे। 2017 के पहले किसान आत्महत्या करता था, कृषि सेक्टर में एक वीरानी छाई हुई थी। आज व्यापक बदलाव हुए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2016-17 तक जो कृषि की दर 5% के आस-पास थी, आज यह बढ़कर 13.5% से अधिक हुई है।इसके कारण उत्तर प्रदेश की GDP में 28% की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
ये भी पढ़ें – योगी सरकार की पहल, ज़ायद सीजन की 9 फसलों को फसल बीमा और KCC में किया जाएगा शामिल
यूपी, देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन
सीएम योगी ने कहा जो उत्तर प्रदेश 8 वर्ष पहले बीमारू राज्य माना जाता था, देश के विकास का बैरियर माना जाता था। वही उत्तर प्रदेश 8 वर्ष बाद देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। बताया कि पिछली सरकारों के 22 वर्ष के कार्यकाल की तुलना की जाए तो, उन्होंने 22 वर्ष में जितना गन्ना किसानों के लिए किया, उतना हमारी डबल इंजन की सरकार ने मात्र 8 वर्ष में किया है।
किसानों की 36 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी की गई
उपलब्धियाँ गिनाते हुए सीएम ने कहा कि वर्ष 2017-2024 के बीच सरकार ने पांच गुना अधिक धान का मूल्य DBT के माध्यम से अन्नदाता किसानों के खाते में भेजने का कार्य किया है। बताया कि हमारी सरकार में किसानों की 36 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी की गई। प्रदेश में निराश्रित गोवंश की समस्या का समाधान करने में डबल इंजन की सरकार को सफलता प्राप्त हुई है।
महिला वर्क फोर्स बढ़कर 35% से अधिक हुई
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2017-18 के पहले उत्तर प्रदेश के अंदर जो महिला वर्क फोर्स 13-14% के आसपास थी, वह आज बढ़कर 35% से अधिक हुई है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 95 लाख से अधिक महिलाओं को स्वावलंबन के साथ जोड़ने का काम हुआ है। वर्ष 2016-17 में जिस उत्तर प्रदेश की बेरोजगारी दर 19% से अधिक थी, आज वह घटकर मात्र 3% रह गई है।
ये देखें –
पूजा राय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से पढ़ाई की है।
Lallantop में Internship करने के बाद NewsPotli के लिए कृषि और ग्रामीण भारत से जुड़ी खबरें लिखती हैं।