अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर सरकार ने कहा है कि यह समझौता भारत के हितों को ध्यान में रखकर किया गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के मुताबिक, इससे किसानों, डेयरी, MSME, टेक्सटाइल और अन्य सेक्टर्स को फायदा होगा। अमेरिकी टैरिफ घटकर 18% हो गया है, जिससे भारत का निर्यात बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि डील के कुछ पहलुओं, खासकर कृषि क्षेत्र के असर को लेकर अभी पूरी तस्वीर साफ नहीं है।
अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार ने अपनी बात साफ तौर पर रखी है। दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह समझौता भारत के हितों को ध्यान में रखकर किया गया है और इससे किसानों, मछुआरों, डेयरी सेक्टर समेत हर वर्ग को फायदा होगा।
कृषि और डेयरी सेक्टर पूरी तरह सुरक्षित
पीयूष गोयल ने कहा कि इस डील से भारतीय कारोबारी अब अमेरिका में अपने उत्पाद आसानी से बेच पाएंगे। खास बात यह है कि सरकार ने इस समझौते में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कृषि और डेयरी सेक्टर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
देश के हित में की गई ट्रेड डील
गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि यह एक मजबूत और देश के हित में की गई ट्रेड डील है। उन्होंने बताया कि भारत और अमेरिका की टीमें महीनों से इस पर बातचीत कर रही थीं और अब इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। उनके मुताबिक, यह ऐसी डील है जिस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए।वाणिज्य मंत्री ने यह भी कहा कि इस समझौते से MSME, IT, टेक्सटाइल और लेदर जैसे सेक्टर्स को बड़ा फायदा मिलेगा। दोनों देशों की तरफ से जल्द ही जॉइंट स्टेटमेंट जारी किया जाएगा, जिसमें सभी तकनीकी जानकारियां साझा की जाएंगी।
ये भी पढ़ें – Seafood Exports में फिर आएगी रफ्तार, US ने शुल्क घटाकर 18% किया
भारत का बढ़ेगा निर्यात
इस डील पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी टैरिफ का 50 फीसदी से घटकर 18 फीसदी होना भारत के लिए बहुत बड़ी राहत है और इससे भारत का निर्यात बढ़ेगा।वहीं वित्त मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि यह डील दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार को और मजबूत बनाएगी। इससे अमेरिका में भारत के मैन्युफैक्चरिंग और लेबर-आधारित सेक्टर्स को ज्यादा मौके मिलेंगे।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी दी इसकी जानकारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस डील की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, भारत पर लगाया गया टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है और रूस से तेल खरीद को लेकर लगी पेनल्टी भी हटा ली गई है। हालांकि, किन अमेरिकी उत्पादों पर भारत जीरो टैरिफ लगाएगा, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।
विशेषज्ञों की मानें तो टैरिफ में कटौती से टेक्सटाइल और जेम्स-ज्वेलरी सेक्टर को राहत जरूर मिलेगी, लेकिन कृषि और ऊर्जा क्षेत्र को लेकर कुछ चिंताएं भी जताई जा रही हैं। फिलहाल पूरी तस्वीर आधिकारिक दस्तावेज सामने आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
ये देखें –