2025-26 चीनी सीजन में देश का चीनी उत्पादन तेज़ी से बढ़ा है। 31 जनवरी तक 1.95 करोड़ टन चीनी का उत्पादन हुआ, जो पिछले साल से 18% ज्यादा है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में उत्पादन में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ISMA का अनुमान है कि पूरे सीजन में चीनी उत्पादन बढ़कर करीब 3.09 करोड़ टन तक पहुंच सकता है।
देश में चालू 2025-26 चीनी सीजन के दौरान अब तक चीनी उत्पादन में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के मुताबिक, 31 जनवरी तक देश में 19.50 मिलियन टन चीनी का उत्पादन हो चुका है। यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले करीब 18 प्रतिशत ज्यादा है।
देशभर में 515 चीनी मिलें चालू
पिछले सीजन में इसी समय तक देश में लगभग 16.47 मिलियन टन चीनी का उत्पादन हुआ था। भारत में चीनी सीजन हर साल अक्टूबर से सितंबर तक चलता है।ISMA के अनुसार, इस समय देशभर में 515 चीनी मिलें चल रही हैं, जबकि पिछले साल इसी समय 501 मिलें ही चालू थीं।
महाराष्ट्र सबसे आगे
देश के सबसे बड़े चीनी उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में इस सीजन उत्पादन में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। 31 जनवरी तक यहां 7.87 मिलियन टन चीनी का उत्पादन हुआ, जो पिछले साल की तुलना में 42 प्रतिशत ज्यादा है। राज्य में फिलहाल 206 मिलें काम कर रही हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 190 थी।
ये भी पढ़ें – डिजिटल राशन की ओर कदम: PDS में सरकार लाई e-RUPI वाउचर का प्लान
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में भी बढ़ोतरी
देश के दूसरे सबसे बड़े उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में अब तक 5.51 मिलियन टन चीनी का उत्पादन हो चुका है, जो पिछले साल से करीब 5 प्रतिशत ज्यादा है।वहीं कर्नाटक में भी पेराई की रफ्तार बेहतर रही है और यहां चीनी उत्पादन में करीब 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पूरे सीजन का अनुमान
ISMA का अनुमान है कि 2025-26 सीजन में देश का कुल चीनी उत्पादन बढ़कर 30.95 मिलियन टन तक पहुंच सकता है। यह पिछले सीजन के 26.10 मिलियन टन के मुकाबले करीब 19 प्रतिशत ज्यादा होगा।
ये देखें –